
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर जिलाधिकारी ने बच्चों को खिलाई एल्बेंडाजोल की गोली

संवाददाता दिनेश कुमार पीलीभीत
पीलीभीत। राज्य सरकार से प्राप्त निर्देशों के क्रम में बुधवार को जनपद पीलीभीत में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर शहर के कम्पोजिट विद्यालय नखासा में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह द्वारा किया गया। जिलाधिकारी ने विद्यालय में उपस्थित छात्र-छात्राओं को स्वयं एल्बेंडाजोल की गोली खिलाकर अभियान की शुरुआत की।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने बच्चों को संबोधित करते हुए कृमि संक्रमण से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी और एल्बेंडाजोल की गोली के महत्व को समझाया। उन्होंने कहा कि यह दवा बच्चों को कुपोषण, एनीमिया और शारीरिक कमजोरी से बचाने में सहायक है तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।
जिलाधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अंतर्गत जनपद के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों पर पंजीकृत बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी। इस अभियान के तहत जनपद में 10 लाख 45 हजार 800 बच्चों को दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि जो बच्चे मुख्य दिवस पर दवा लेने से वंचित रह जाएंगे, उन्हें 13 फरवरी 2025 को आयोजित होने वाले मॉप-अप राउंड के दौरान एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी, ताकि कोई भी बच्चा इस स्वास्थ्य सुरक्षा अभियान से छूट न पाए।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी (नगरीय क्षेत्र), जिला सलाहकार आरकेएसके, जिला अर्बन हेल्थ कोऑर्डिनेटर, नगर क्षेत्र के फार्मासिस्ट सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने अभियान को सफल बनाने के लिए समन्वय से कार्य करने का संकल्प लिया।

