
SDM सितारगंज पर पूर्वनियत रूप से अवैध जांच समिति गठित करने का आरोप, नगर पंचायत अध्यक्ष सुमित मंडल ने जिलाधिकारी से कठोर कार्रवाई की मांग

सितारगंज उधमसिंह नगर
उत्तराखंड
उधमसिंह नगर। नगर पंचायत शक्तिगढ़ के अध्यक्ष सुमित मंडल ने जिलाधिकारी को प्रेषित पत्र में SDM सितारगंज पर गंभीर आरोप लगाते हुए 04 नवंबर 2025 को गठित जांच समिति को पूर्णतः अवैध, पूर्वनियत एवं दुर्भावनापूर्ण बताते हुए तत्काल निरस्त करने की मांग की है। पत्र में कहा गया है कि संबंधित शिकायतें 04 दिसंबर 2025 को प्राप्त हुईं, जबकि जांच समिति एक माह पूर्व ही गठित कर दी गई, जो प्रशासनिक प्रक्रिया के विपरीत है और स्पष्ट रूप से पक्षपात एवं अधिकार–दुरुपयोग दर्शाती है।



अध्यक्ष मंडल ने आरोप लगाया कि SDM सितारगंज ने शिकायतकर्ताओं अभिषेक सिंह एवं रमेश राय के साथ मिलकर जनप्रतिनिधि की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया है। शिकायतें बिना किसी प्रमाण या दस्तावेज़ के स्वीकार की गईं और न ही अध्यक्ष को नोटिस या स्पष्टीकरण का अवसर दिया गया, जो प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों का उल्लंघन है।
नगर पंचायत अध्यक्ष ने SDM के विरुद्ध विभागीय जांच, शिकायतकर्ताओं पर मिथ्या आरोप लगाने के तहत कार्रवाई और अपनी प्रतिष्ठा संरक्षण हेतु न्यायिक राहत की मांग की है।

