
संवाददाता शुभंकर कुमार (पूरनपुर पीलीभीत)
पीलीभीत। 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद पीलीभीत में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) नगोरिया कट द्वारा एक अनूठा और प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया गया। 49वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के कमांडेंट श्री शेरसिंह चौधरी के नेतृत्व में ई-समवाय कार्य क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सेनहा में 9000 पौधे लगाकर तैयार किए गए अमृत सरोवर का विधिवत उद्घाटन किया गया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उप कमांडेंट श्री अमनदीप मनहास मौजूद रहे। कार्यक्रम में ई-समवाय प्रभारी उपनिरीक्षक श्री अशोक कुमार, पुरनपुर रेंज के रेंजर श्री शोभरन, उप रेंजर श्री अजमेर सिंह, पुलिस चौकी प्रभारी रामनगर श्री रामकिशोर तथा ग्राम प्रधान श्री विदुवैरागी (बंधू) के साथ सहायक उप निरीक्षक वसदेव भी उपस्थित रहे। इसके अलावा 34 एसएसबी जवान, 100 से अधिक विभागीय कर्मचारी एवं ग्रामीण भी इस ऐतिहासिक कार्यक्रम के साक्षी बने।
अमृत सरोवर उद्घाटन के अवसर पर वक्ताओं ने पौधारोपण और जल संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वृक्ष ही मानव जीवन का आधार हैं और इनकी सुरक्षा करना हम सभी का कर्तव्य है। श्री शेरसिंह चौधरी ने लोगों से अपील की कि वे लगाए गए पौधों की देखभाल कर उन्हें संरक्षित करें, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण और जल की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके।

कार्यक्रम के उपरांत सभी अधिकारी, जवान और ग्रामीण ई-समवाय मुख्यालय नगोरिया कट पहुंचे। यहां स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी गई। सभी उपस्थित लोगों ने राष्ट्रध्वज के साथ सामूहिक रूप से सेल्फी लेकर इस विशेष पल को स्मरणीय बना दिया।
Oplus_0पूरे आयोजन के दौरान देशभक्ति और पर्यावरण संरक्षण का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिसने स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को और भी ऐतिहासिक बना दिया।

