
टांडा गुलाब राय में जलभराव से ग्रामीण परेशान
बरसात में लिंक मार्ग पर पानी, विकास के दावे केवल कागजों तक सीमित
संवाददाता दिनेश कुमार पलीभीत

पीलीभीत। जनपद पीलीभीत के पूरनपुर की ग्राम पंचायत टांडा गुलाब राय में बरसात के दिनों में मुख्य लिंक मार्ग पर पानी भर जाने से लोगों का आवागमन बाधित हो रहा है। माधोटांडा और गुलाब राय को जोड़ने वाले इस मार्ग पर जलभराव के कारण पैदल चलना कठिन हो गया है, जबकि बाइक सवार भी गिरने और फिसलने का डर लेकर निकल रहे हैं। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान की उदासीनता के चलते विकास कार्य केवल कागजों तक ही सीमित हैं और धरातल पर कोई वास्तविक सुधार नहीं हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि यदि इसी गंदे पानी की वजह से किसी मुस्लिम समुदाय के व्यक्ति की मौत होती है, तो जनाजे को ले जाने में गंभीर दिक्कतें होंगी।
गांव में लगे बाजार में भी जलभराव और गंदगी के कारण दुकानदार और खरीदार दोनों परेशान हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि बरसात के दिनों में न केवल आवागमन प्रभावित होता है, बल्कि स्वास्थ्य और सफाई की समस्याएं भी बढ़ जाती हैं।
ग्रामीण प्रधान और संबंधित विभाग से जल्द मार्ग की मरम्मत, जल निकासी की व्यवस्था और सफाई की मांग कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर सुधार कार्य समय पर नहीं हुआ तो वे सामूहिक रूप से आवाज उठाने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या वर्षों से बनी हुई है, लेकिन अधिकारियों की उदासीनता के कारण समाधान नहीं हुआ।

