

रुद्रपुर। वार्ड नं. 35 आदर्श इन्द्रा बंगाली कॉलोनी, राजीव नगर स्थित भारत के पूर्व प्रधानमंत्री, आधुनिक युग के निर्माता और कम्प्यूटर क्रांति के जनक स्व. श्री राजीव गांधी की प्रतिमा लंबे समय से उपेक्षा का शिकार रही है। प्रतिमा स्थल से जुड़े पिलर और छत जर्जर हो चुके हैं, जिनके गिरने का खतरा किसी भी वक्त मंडरा सकता है। स्थानीय नागरिकों ने कई बार नगर निगम को इसकी जानकारी दी, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी।
लोगों का कहना है कि जिस नेता ने भारत को तकनीकी और आधुनिक सोच की दिशा दी, उनकी प्रतिमा का इस तरह उपेक्षित होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। हालांकि, हाल ही में इस मुद्दे पर नगर निगम को फिर से अवगत कराया गया। मामला संज्ञान में आने के बाद उपनगर आयुक्त ने तत्काल टीम भेजकर स्थल का निरीक्षण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही प्रतिमा का नवनिर्माण और स्थल का सौन्दर्यकरण कार्य शुरू कराया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने नगर निगम की इस पहल का स्वागत किया है और आशा जताई है कि अब राजीव गांधी नगर की पहचान बनी इस प्रतिमा को सुरक्षित और आकर्षक स्वरूप मिलेगा। इससे न केवल क्षेत्र का गौरव बढ़ेगा बल्कि लोगों की भावनाओं को भी सम्मान मिलेगा।



