
शून्य गरीबी अभियान को सफल बनाने के लिए सभी पात्र परिवारों को योजनाओं का लाभ दिलाएं- जिलाधिकारी

पीलीभीत: जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने सोमवार को गांधी सभागार में आयोजित बैठक में शून्य गरीबी (जीरो पावर्टी) योजना की प्रगति की ब्लॉकवार समीक्षा की। बैठक में उज्ज्वला योजना, विद्युत संयोजन, हर घर नल योजना, कौशल विकास, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने विकास खण्डों में पात्र परिवारों का शत-प्रतिशत चिन्हांकन सुनिश्चित करें तथा उन्हें सरकार द्वारा संचालित सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद में कोई भी पात्र परिवार झोपड़ी में रहने के लिए विवश न रहे। ऐसे सभी पात्र नागरिकों को आवास योजना सहित अन्य आवश्यक योजनाओं से लाभान्वित करते हुए उनके जीवन स्तर में सुधार लाया जाए। साथ ही उज्ज्वला योजना के अंतर्गत गैस कनेक्शन, विद्युत संयोजन, हर घर नल योजना के माध्यम से स्वच्छ पेयजल, कौशल विकास के माध्यम से रोजगार के अवसर तथा अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शून्य गरीबी अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र परिवार को मूलभूत सुविधाओं एवं सरकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सतीश प्रसाद मिश्र, मुख्य चिकित्साधिकारी भुवन चन्द्र पंत, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी अधिशासी अभियन्ता लो0नि0वि0 सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
