
भारी बरसात की चेतावनी, उधमसिंहनगर के स्कूल 30 अगस्त को रहेंगे बंद
उधमसिंहनगर। जिले में

मौसम विभाग की ओर से भारी बरसात की संभावना जताई गई है। एहतियातन जिलाधिकारी ने सभी स्कूलों को 30 अगस्त को बंद रखने का आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार जनपद के समस्त शासकीय, अशासकीय, निजी विद्यालयों के साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि भारी बारिश के चलते जलभराव और अन्य संभावित खतरे को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है, ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों से भी अपील की है कि बच्चे किसी भी स्थिति में अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अवकाश केवल विद्यार्थियों के लिए होगा। वहीं, विद्यालयों में शिक्षक और अन्य कार्मिक आवश्यकतानुसार अपने दायित्व निभाते रहेंगे।

