
कार दिलाने के नाम पर पत्रकार से ढाई लाख की ठगी, पुलिस में तहरीर
रुद्रपुर (उधम सिंह नगर)। जिले में पत्रकार से हुई ठगी का मामला चर्चा का विषय बन गया है। संजय नगर खेड़ा वार्ड नंबर 11 निवासी रंजीत मिस्त्री, जो उत्तराखंड सरकार से मान्यता प्राप्त पत्रकार हैं, ने कार खरीदने के नाम पर ढाई लाख रुपये गंवा दिए।
पीड़ित का आरोप है कि 14 नवंबर 2024 को बिलासपुर, रामपुर निवासी करन ढाली, जो मैसर्स नंदलाल कार बाजार के नाम से कारोबार करता है, उनके घर आया। उसने कार संख्या UK06 BD 6708 दिखाकर 2.50 लाख रुपये में सौदा तय किया। रंजीत मिस्त्री ने तत्काल गूगल पे के माध्यम से भुगतान कर दिया। लेकिन आरोपी न तो कार दी और न ही रुपये लौटाए।
पत्रकार का कहना है कि बार-बार मांगने पर करन ढाली ने उन्हें धमकाते हुए साफ कहा कि न तो वाहन देगा और न पैसे लौटाएगा। पीड़ित ने पुलिस को आरोपी का मोबाइल नंबर भी सौंपते हुए मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
इस सनसनीखेज मामले ने क्षेत्र में पुलिस-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि ठगी की बढ़ती घटनाओं से आम लोग ही नहीं, पत्रकार जैसे जागरूक वर्ग भी शिकार बन रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

