
एसएसपी मणिकांत मिश्रा का अपराधियों पर सख्त प्रहार — नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने वाला शातिर आरोपी गिरफ्तार, पीड़िता सकुशल बरामद

ऊधमसिंहनगर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर पीड़िता को सकुशल बरामद कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा के सख्त निर्देशों के क्रम में पुलभट्टा पुलिस व एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया।
मामला 2 फरवरी 2026 का है, जब थाना पुलभट्टा क्षेत्र की एक महिला ने अपनी नाबालिग पुत्री के अचानक लापता होने की तहरीर दी थी। काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग न मिलने पर पुलिस ने मु0अ0सं0–17/2026 धारा 140(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से लगातार जांच की। 5 फरवरी 2026 को मुखबिर की सूचना पर अभियुक्त साहिल को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से पीड़िता को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने की बात स्वीकार की।
साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 137(2)/87/65(1) बीएनएस व 5/6 पोक्सो एक्ट की बढ़ोतरी की गई है। अभियुक्त को न्यायालय में रिमांड हेतु प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस अन्य सहयोगियों और आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।

