
भूरारानी वार्ड-32 की बिजली समस्या पर हरकत में विभाग, अधिकारियों ने किया स्थलीय निरीक्षण

रुद्रपुर। नगर निगम के वार्ड संख्या 32, भूरारानी की वर्षों पुरानी विद्युत समस्याओं के समाधान की दिशा में बुधवार को अहम पहल की गई। क्षेत्र में लगातार लो वोल्टेज, अघोषित बिजली कटौती और जर्जर विद्युत व्यवस्था की शिकायतों के बाद अधीक्षण अभियंता के.के. पंत और जूनियर इंजीनियर सुभाष शर्मा ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजय जुनेजा एवं वार्ड पार्षद गौरव गिरी के साथ हंस विहार फेस-1, हंस विहार फेस-2, डिवाइन पार्क, आनंदम कॉलोनी और फौजी मटकोटा क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने अधिकारियों को बिजली संबंधी समस्याओं से अवगत कराते हुए बताया कि कम वोल्टेज और बार-बार होने वाली कटौती से घरेलू उपकरण प्रभावित हो रहे हैं तथा दैनिक जीवन बाधित हो रहा है। अधीक्षण अभियंता के.के. पंत ने आश्वासन दिया कि विभाग प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र शुरू करेगा, ताकि वार्ड संख्या 32 और आसपास की कॉलोनियों को सुचारु एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिल सके। क्षेत्रवासियों ने विभाग की इस पहल का स्वागत किया।
