
खटीमा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चोरी की 8 मोटरसाइकिलें बरामद, दो बालक संरक्षण में

खटीमा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर अजय गणपति के निर्देश पर वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान में खटीमा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान चोरी की मोटरसाइकिल के साथ दो विधि से संघर्षरत बालकों को संरक्षण में लिया। उनकी निशानदेही पर झाड़ियों में छिपाकर रखी गई सात अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं। पुलिस के अनुसार कुल आठ चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुई हैं।
पुलिस टीम ने 10 अगस्त को चौकी झनकट क्षेत्र में चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल संख्या UP23AE1186 के साथ दोनों बालकों को पकड़ा। जांच में उक्त बाइक खटीमा कोतवाली के मुकदमा अपराध संख्या 224/2025, धारा 303(2) बीएनएस से संबंधित चोरी की निकली। पूछताछ में दोनों ने अन्य चोरी की मोटरसाइकिलों को ओकलैण्ड होटल से करीब 500 मीटर आगे आम की बगिया में झाड़ियों के बीच छिपाकर रखने की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सात बाइक बरामद कीं।
बरामद वाहनों में कई की नंबर प्लेट हटाकर या तोड़कर पहचान छिपाने का प्रयास किया गया था। पुलिस अन्य वाहन चोरी की घटनाओं से इनके संबंध की भी जांच कर रही है। कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक विजेन्द्र शाह समेत खटीमा पुलिस टीम शामिल रही।
