
अभिषेक-जतिन सड़क हादसा व मारपीट मामले में मुख्य आरोपी सन्नी चुघ गिरफ्तार, गंगापुर रोड से पुलिस ने दबोचा

रुद्रपुर। एलायंस कॉलोनी गेट के पास फ्लाईओवर पर हुई सड़क दुर्घटना और मारपीट के मामले में रुद्रपुर पुलिस ने मुख्य आरोपी सन्नी चुघ को गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने आरोपी को मंगलवार को गंगापुर रोड से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार 7 अगस्त की रात अभिषेक और उसका ममेरा भाई जतिन स्कूटी से काशीपुर रोड से घर लौट रहे थे। एलायंस कॉलोनी गेट के पास फ्लाईओवर पर पीछे से आई स्कॉर्पियो ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि स्कॉर्पियो चालक सन्नी चुघ ने वाहन से उतरकर अभद्र एवं जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए मारपीट की और फोन कर अपने अन्य साथियों को भी मौके पर बुलाया।
घटना के बाद अभिषेक के भाई अंकित ने 8 अगस्त को रुद्रपुर कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 413/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम गठित की गई और साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए 11 अगस्त को सन्नी चुघ पुत्र स्वर्गीय राधेश्याम निवासी भूरारानी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर रही है। मामले में विवेचना जारी है।
