
जिलाधिकारी ने नवाचार एवं कौशल केन्द्र के नवनिर्मित भवन का किया उद्घाटन
संवाददाता दिनेश कुमा
र पीलीभीत
पीलीभीत: शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रायोजित ‘‘नवाचार एवं कौशल केंद्र’’ की स्थापना पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय पीलीभीत में की गई है। वर्चुअल माध्यम द्वारा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान द्वारा इस केंद्र को राष्ट्र को समर्पित किया गया। इस अवसर पर ज्ञानेंद्र सिंह, जिलाधिकारी पीलीभीत मुख्य अतिथि रहे। साथ ही विशिष्ट अतिथि के रूप में सिटी मजिस्ट्रेट विजयवर्धन तोमर रहे। जिलाधिकारी द्वारा फीता काटकर ‘‘नवाचार एवं कौशल केंद्र’’ के नवनिर्मित भवन का उदघाटन किया गया । केंद्रीय विद्यालय संगठन द्वारा स्थापित नवाचार एवं कौशल केंद्र का मुख्य उद्देश्य शिक्षा को व्यवहारिक, कौशल आधारित और भविष्य के अनुरूप बनाना है। इन केंद्रों में नवाचार और रचनात्मक सोच को बढ़ावा देना तथा 21वीं सदी के कौशल जैसे कोडिंग, रोबोटिक, ए आई, डिजाइन थिंकिंग आदि का विकास करना भी है । विद्यार्थियों की पढ़ाई को आत्मनिर्भर और रोजगारोन्मुख बनाना भी इन केंद्रों का उद्देश्य रहेगा। इनके संचालन से कौशल आधारित शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा। इसमें विद्यार्थी सिर्फ अंक नहीं बल्कि हुनर भी सीखेंगे। विद्यार्थियों में समस्या समाधान और तार्किक सोच विकसित होगी। तकनीक और शिक्षा का बेहतर समन्वय हो सकेगा। छात्रों को करियर के नए विकल्पों की जानकारी मिलेगी। शिक्षा को अधिक रोचक व्यावहारिक और प्रभावी बनाया जा सकेगा। जिलाधिकारी ने कहा कि यह केंद्र विद्यार्थियों को भविष्य के लिए तैयार करेंगे और भारतीय शिक्षा प्रणाली को आधुनिक सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य असलम जावेद ,वरिष्ठ प्रवक्ता कमलाकांत शलभ अग्रवाल, सूर्य प्रकाश सिंह, शिक्षकगण मुकेश पाल, रिचा त्रिवेदी, पायल यदुवंशी, आदित्य कुमार, जयदेव कुमार, सामंत गुप्ता, यश सक्सेना, पम्मी भारती, सारिका मौर्य , शिल्पी मिश्रा, दिव्या शुक्ला, अदिति, बेनजीर आलम, प्रगति तोमर,आदि उपस्थित रहे।



