
कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में भारी बढ़ोतरी पर भड़के व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा, आंदोलन की दी चेतावनी

सम्पादक सत्यजीत सरकार
कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में 993 रुपये की भारी बढ़ोतरी को लेकर व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा ने केंद्र सरकार के खिलाफ तीखा आक्रोश व्यक्त किया है। जारी प्रेस बयान में उन्होंने कहा कि यह फैसला छोटे और मध्यम वर्गीय व्यापारियों के लिए किसी बड़े आर्थिक झटके से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे, चाट-टिक्की और फास्ट फूड जैसे छोटे व्यवसाय पहले से ही महंगाई और घटती आमदनी की मार झेल रहे हैं, ऐसे में गैस सिलेंडर के दामों में इतनी बड़ी वृद्धि ने व्यापारियों की कमर तोड़ दी है।
संजय जुनेजा ने कहा कि इस बढ़ोतरी का असर केवल व्यापारियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आम जनता को भी खाने-पीने की वस्तुओं के बढ़े हुए दाम चुकाने पड़ेंगे। उन्होंने आशंका जताई कि खाद्य पदार्थों की कीमतों में भारी इजाफा होगा, जिससे हर वर्ग प्रभावित होगा।
इसके साथ ही 5 किलो वाले छोटू गैस सिलेंडर में 261 रुपये की बढ़ोतरी पर भी उन्होंने चिंता जताई और कहा कि इससे निम्न वर्ग तथा नौकरीपेशा लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। उन्होंने केंद्र सरकार से तत्काल बढ़ोतरी वापस लेने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो व्यापारी आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
