
खेत तालाब योजना से किसानों को मिलेगा लाभ, जल संरक्षण के साथ बढ़ेगी आय

जिला संवाददाता दिनेश कुमार पीलीभीत
पीलीभीत: भूमि संरक्षण अधिकारी ने बताया कि कृषि विभाग के भूमि संरक्षण अनुभाग द्वारा भारत सरकार की महत्वपूर्ण योजना राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अंतर्गत “पर ड्रॉप मोर क्रॉप” घटक के उपघटक अदर इंटरवेंशन में खेत तालाब योजना संचालित की जा रही है। इस योजना का उद्देश्य किसानों की आय में वृद्धि करना तथा जल संरक्षण को बढ़ावा देना है। इच्छुक किसान कृषि विभाग की वेबसाइटwww.agriculture.up.gov.in पर ऑनलाइन टोकन के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए ₹1000 की टोकन मनी जमा करना अनिवार्य है तथा किसान का फार्मर रजिस्ट्री में पंजीकरण होना आवश्यक है।
यह योजना वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देकर भूगर्भ जल स्तर सुधारने में सहायक सिद्ध हो रही है। किसान खेत तालाब में मछली पालन, सिंघाड़ा, मखाना, कमल गट्टा एवं मोती की खेती कर अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि कर सकते हैं।
योजनान्तर्गत प्रत्येक तालाब का मानक आकार 22 मीटर लंबा, 20 मीटर चौड़ा तथा 3 मीटर गहरा निर्धारित है, जिसकी कुल लागत ₹1.05 लाख है। इसमें किसानों को 50 प्रतिशत अर्थात ₹52,500 का अनुदान डीबीटी के माध्यम से दो किस्तों में प्रदान किया जाएगा—
प्रथम किस्त: तालाब खुदाई पूर्ण होने पर ₹39,375 द्वितीय किस्त: इनलेट एवं डिस्प्ले बोर्ड स्थापना के बाद ₹13,125
इसके अतिरिक्त वाटर लिफ्टिंग डिवाइस (पम्पसेट) खरीदने पर 50 प्रतिशत या अधिकतम ₹15,000 तक का अनुदान भी देय है। शेष धनराशि किसान को स्वयं वहन करनी होगी।किसानों का चयन “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर किया जाएगा। ऐसे किसानों को प्राथमिकता दी जाएगी जिन्होंने पिछले 7 वर्षों में कृषि/उद्यान विभाग से सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली स्थापित की हो और वह वर्तमान में क्रियाशील हो। टोकन कन्फर्म होने के बाद 10 दिनों के भीतर आवश्यक अभिलेख (खतौनी, शपथ पत्र, खेत की फोटो आदि) पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य होगा, अन्यथा आवेदन स्वतः निरस्त हो जाएगा।
वित्तीय वर्ष 2026-27 में जनपद पीलीभीत को कुल 12 तालाबों का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, जिसमें 10 सामान्य वर्ग एवं 02 अनुसूचित जाति के लिए निर्धारित हैं।
अधिक जानकारी हेतु कृषक भूमि संरक्षण अधिकारी इं० कौशल किशोर (मो. 7839882620) अथवा कार्यालय भूमि संरक्षण अधिकारी, पीलीभीत से संपर्क कर सकते हैं।
