बिजली विभाग की लचर कार्यशैली पर किसानों का फूटा गुस्सा, एक्सईएन को दी चूड़ियां भेंट करने की चेतावनी

खबर शेयर करें -

बिजली विभाग की लचर कार्यशैली पर किसानों का फूटा गुस्सा, एक्सईएन को दी चूड़ियां भेंट करने की चेतावनी

 ब्यूरो रिपोर्ट दिनेश कुमार

पीलीभीत। पूरनपुर विद्युत वितरण खंड में व्याप्त भीषण भ्रष्टाचार और मनमानी के खिलाफ भारतीय किसान यूनियन भानू का सब्र का बांध आखिरकार टूट ही गया। पिछले एक सप्ताह से जारी संघर्ष के बाद आज संगठन ने विद्युत विभाग के कार्यालय पर धावा बोल दिया और जमकर बवाल काटा। किसानों की मुख्य नाराजगी विभाग के एक्सईएन की निक्कमी कार्यशैली को लेकर थी, जो कार्यालय से गायब रहकर फील्ड के नाम पर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ते रहे हैं। आज जब किसान अपनी समस्याओं का पिटारा लेकर पहुंचे, तो एक्सईएन कार्यालय में मौजूद तक नहीं थे। फोन पर संपर्क करने पर उन्होंने बीमारी का बहाना बनाकर अपनी खाल बचाने की कोशिश की, जिससे आक्रोशित किसानों का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया।किसानों का आरोप है कि पूरनपुर, शेरपुर कलां और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में अघोषित बिजली कटौती ने जनजीवन और खेती किसानी को बर्बाद कर दिया है। संगठन की महिला मोर्चा ने तो हद पार कर चुके अधिकारियों को बेशर्मी के लिए आड़े हाथों लेते हुए उन्हें चूड़ियां भेंट करने का अल्टीमेटम तक दे दिया। मौके पर मौजूद मंडल अध्यक्ष लाल मिश्रा और जिला अध्यक्ष भजनलाल क्रोधी ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि यदि क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था में तत्काल सुधार नहीं हुआ, तो आगामी समय में विभाग के खिलाफ इससे भी बड़ा मोर्चा खोला जाएगा। मामले की गंभीरता को भांपते हुए पूरनपुर उप जिलाधिकारी और एसडीओ सहित माधोटांडा के उपखंड अधिकारी आनन फानन में घटनास्थल पर पहुंचे। प्रशासन को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। अंततः अधिकारियों ने लिखित आश्वासन दिया कि विद्युत कटौती पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाएगी और व्यवस्था को पटरी पर लाया जाएगा। प्रशासन के आश्वासन और ज्ञापन सौंपने के बाद ही किसान शांत हुए। इस प्रदर्शन में तहसील अध्यक्ष रुसान अहमद, मीडिया प्रभारी सबलू खान समेत तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे। अब सवाल यह है कि क्या यह आश्वासन केवल कागजी साबित होगा या वाकई में बिजली की आंख मिचौली से त्रस्त किसानों को राहत मिलेगी? फिलहाल, पूरनपुर विद्युत विभाग के आला अधिकारियों पर संगठन की पैनी नजर बनी हुई है।


खबर शेयर करें -