
बीसलपुर के बेटे ने रचा इतिहास! IIT से B.Tech के बाद जापान में 62 लाख के पैकेज पर नौकरी

ब्यूरो रिपोर्ट दिनेश कुमार
पीलीभीत के बीसलपुर से एक ऐसी सफलता की कहानी सामने आई है, जिसने पूरे क्षेत्र का मान बढ़ा दिया है। बीसलपुर के ग्यासपुर मोहल्ले के रहने वाले काज़ी तल्हा अली का चयन जापान की एक प्रतिष्ठित कंपनी में करीब 62 लाख रुपये सालाना पैकेज पर हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार ही नहीं, बल्कि पूरा जनपद गौरवान्वित महसूस कर रहा है।
काज़ी तल्हा अली, जो डॉ. मुर्तजा अली के पुत्र हैं, ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान यानी IIT जोधपुर से कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग में बीटेक की डिग्री हासिल की है। हाल ही में आयोजित दीक्षांत समारोह में उन्हें स्नातक उपाधि प्रदान की गई।
तल्हा की शुरुआती शिक्षा बरेली के केम स्कॉलर्स स्कूल से हुई, जबकि आगे की पढ़ाई एसआर इंटरनेशनल स्कूल और अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से पूरी की। वर्ष 2022 में IIT जोधपुर में प्रवेश लेने के बाद उन्होंने लगातार मेहनत और उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर यह मुकाम हासिल किया।
“मेहनत, लगन और लक्ष्य के प्रति समर्पण हो तो छोटे शहरों से निकलकर भी दुनिया में बड़ी पहचान बनाई जा सकती है।”
तल्हा की तकनीकी प्रतिभा और शैक्षणिक प्रदर्शन से प्रभावित होकर जापान की एक प्रतिष्ठित कंपनी ने उन्हें लगभग 62 लाख रुपये वार्षिक पैकेज पर नियुक्त किया है। उनकी इस सफलता से परिवार में खुशी का माहौल है और क्षेत्रभर से बधाइयों का सिलसिला जारी है।
शिक्षकों और समाज के गणमान्य लोगों का कहना है कि काज़ी तल्हा अली की सफलता युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने साबित कर दिया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो, तो सफलता किसी भी मंजिल को दूर नहीं रहने देती।
