
जी.डी. गोयनका पब्लिक स्कूल, डिब्डिबा में ‘VIBRATIONS 3.0’ वार्षिक समारोह भव्यता के साथ संपन्न
ब्यूरो रिपोर्ट सत्यजीत सरकार

जी.डी. गोयनका पब्लिक स्कूल, डिब्डिबा, बिलासपुर में वार्षिक समारोह “VIBRATIONS 3.0” का आयोजन 22 नवम्बर को उत्साह, उल्लास और गरिमा के साथ किया गया। इस वर्ष समारोह का विषय “नवांकुर—विज़न फॉर 2030” रहा, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों में सृजनशीलता, एकता, न्याय और सतत विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रसिद्ध फिल्म एवं टेलीविज़न अभिनेता श्री तरुण खन्ना, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री निपुण गोयनका, प्रबंध निदेशक–जी.डी. गोयनका ग्रुप उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन द्वारा दोनों अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिन्ह भेंटकर स्वागत किया गया।
समारोह की शुरुआत “द गोयनकन ग्लोरी – March of Honour” तथा “प्रकाश स्तंभ – The Illumination of Wisdom” से हुई। इसके बाद प्रस्तुतियों की शृंखला ने सभागार में उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यार्थियों ने “शिक्षा – द लाइट विदिन”, “समानता – डांस फॉर इक्वालिटी”*, *“शांति सूत्र – द पाथ ऑफ जस्टिस”* और “रंग भारत के” जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से समानता, शिक्षा, न्याय और एकता का संदेश दिया।

प्रधानाचार्या श्रीमती रूपाली पुरी ने विद्यालय की वार्षिक उपलब्धियों और नवाचारों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। समारोह में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि तरुण खन्ना ने विद्यार्थियों के अनुशासन और प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि गोयनका के छात्र भारत के उज्ज्वल भविष्य की पहचान हैं।
कार्यक्रम का समापन हेड गर्ल द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। पूरा समारोह विद्यालय की उत्कृष्टता, अनुशासन और सृजनात्मक परंपरा का प्रतीक बना।

