
रामपुर के गोकुल नगर में हरि मंदिर निर्माण को लेकर तनाव, प्रदेश अध्यक्ष जय किसान मंडल के आश्वासन के बाद मामला शांत

संवाददाता नरेश कुमार
उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले स्थित गोकुल नगर कॉलोनी के सूरज फार्म क्षेत्र में आज हरि मंदिर निर्माण कार्य को लेकर कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई। जानकारी के अनुसार, मंदिर निर्माण का कार्य चल रहा था, तभी कुछ व्यक्तियों ने इस पर आपत्ति जताते हुए निर्माण कार्य रुकवा दिया और पुलिस प्रशासन को मौके पर बुला लिया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद निर्माण कार्य को अस्थायी रूप से रोक दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय लोगों ने ऑल इंडिया मतुआ महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष जय किसान मंडल को पूरे मामले से अवगत कराया। सूचना प्राप्त होते ही जय किसान मंडल तत्काल गोकुल नगर कॉलोनी पहुंचे, जहां स्थानीय लोगों ने उनका जोरदार स्वागत और सम्मान किया। इसके बाद उन्होंने मौके पर मौजूद निवासियों से बातचीत कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्हें हरि मंदिर निर्माण से कोई आपत्ति नहीं है। उनके अनुसार, केवल कुछ लोग ही इस धार्मिक कार्य में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं, जबकि अधिकांश क्षेत्रवासी मंदिर निर्माण के पक्ष में हैं।
सभी पक्षों की बात सुनने के बाद प्रदेश अध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि मंदिर निर्माण कार्य पूर्व निर्धारित स्थान पर ही जारी रहेगा। उनके आश्वासन के बाद क्षेत्र में स्थिति सामान्य और शांतिपूर्ण हो गई।



