मॉडिफाइड साइलेंसर व हूटर के खिलाफ अभियान, 6 वाहनों का चालान, 1 सीज

खबर शेयर करें -

मॉडिफाइड साइलेंसर व हूटर के खिलाफ अभियान, 6 वाहनों का चालान, 1 सीज

ब्यूरो रिपोर्ट दिनेश कुमार

पीलीभीत: जनपद में मोडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न एवं अवैध रूप से हूटर लगाकर वाहन संचालन करने वालों के विरुद्ध पुलिस एवं परिवहन विभाग द्वारा लगातार संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) पीलीभीत, वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में पूरनपुर क्षेत्र एवं पीलीभीत शहर में विशेष चेकिंग अभियान संचालित किया गया।

अभियान के दौरान टीम द्वारा विभिन्न स्थानों पर सघन वाहन चेकिंग की गई। जांच के दौरान मोडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर 6 वाहनों के विरुद्ध चालान तथा 1 वाहन के विरुद्ध सीज की कार्यवाही की गई। साथ ही अवैध रूप से हूटर लगाकर वाहन संचालन कर रहे 2 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन हेतु नोटिस भी प्रेषित किए गए।

चेकिंग अभियान के दौरान बिना पंजीयन सवारियां ढो रहे 2 इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर वाहनों को भी सीज किया गया। इसके अतिरिक्त सड़क सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करते हुए संचालित पाए गए 2 ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध भी चालान की कार्यवाही की गई।

एआरटीओ वीरेंद्र सिंह ने बताया कि मोडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न एवं अवैध हूटर का प्रयोग ध्वनि प्रदूषण के साथ-साथ आमजन की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न करता है। उन्होंने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा वाहनों में निर्धारित मानकों के अनुरूप उपकरणों का ही प्रयोग करने की अपील की।

उन्होंने यह भी बताया कि सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन हेतु यह विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।


खबर शेयर करें -