
गांधी सभागार में जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह द्वारा जनसमस्याओं एवं किसान हितों की समीक्षा बैठक हुई सम्पन्न
पीलीभीत: जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह की अध्यक्षता में भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों के साथ जनहित एवं किसान हित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा बैठक गांधी सभागार में आयोजित की गई। बैठक में संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में बैंक ऋण से संबंधित प्रकरणों की सुनवाई करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि किसानों एवं आवेदकों को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी न दी जाए तथा ऋण प्रकरणों का समयबद्ध एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
मंडी समिति परिसर में घूम रहे आवारा पशुओं के संबंध में अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिए गए कि सभी पशुओं को तत्काल प्रभाव से गौशालाओं में भेजने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। फल एवं सब्जी मंडी में किसानों से पांच प्रतिशत शुल्क वसूलने की शिकायत पर
जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि किसानों का किसी भी स्तर पर शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा यदि किसी प्रकार की शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मंडी में नीलामी चबूतरों पर व्यापारियों द्वारा किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटवाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि मंडी व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके।
इसके अतिरिक्त गैस की कालाबाजारी पर रोक लगाने हेतु संबंधित अधिकारियों को कड़ी निगरानी रखने तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनहित में लिए गए सभी निर्णयों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा तथा किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), नगर मजिस्टेªट, मुख्य पशुचिकित्साधिकारी, एलडीएम, भारतीय किसान यूनियन (भानु)/पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
