
मल्लपुर खजुरिया में 11 बिंदुओं पर निष्पक्ष जांच न होने पर क्षेत्र पंचायत सदस्य ने डीएम कार्यालय के सामने आत्महत्या करने की दी चेतावनी

ब्यूरो रिपोर्ट दिनेश कुमार पीलीभीत
कलीनगर , पीलीभीत। ग्राम पंचायत में विकास कार्यों के नाम पर हुए सरकारी धन के दुरपयोग की 19 माह पहले शपथ पत्र के साथ दो बार की गई शिकायत का संज्ञान न लिए जाने का हवाला देते हुए क्षेत्र पंचायत सदस्य ने डीएम को पत्र दिया है। इसमें जल्द निष्पक्ष जांच और कार्रवाई न होने पर आत्महत्या करने की चेतावनी दी गई है। प्रकरण विकासखंड पूरनपुर की ग्राम पंचायत मल्लपुर खजुरिया का है। डीएम को दिए पत्र में कहा गया है कि वर्ष 2021 से पंचायत में धरातल पर विकास कार्य न कराकर सिर्फ कागजों में दर्शाकर सरकारी धन का दुरपयोग किया जा रहा है। ग्राम निधि से करीब 50 लाख और प्रशासनिक व्यय के नाम पर कई लाख रुपये का गबन किया गया है। पंचायत के विकास कार्यों और प्रधान द्वारा अर्जित की गई संपत्ति की जांच कराने की मांग को लेकर 23 जुलाई 2024 और 26 सितंबर 2025 को महेश कुशवाहा, मेवाराम, शिवम कुमार, दिनेश, बृजबिहारी आदि ने शपथ पत्र लगाकर डीएम से शिकायत की थी। आरोप है कि अब तक जांच तक नहीं कराई गई। पत्र में 2021 से अब तक हुए विकास कार्यों की निष्पक्ष जांच कराकर सरकारी धनराशि की रिकवरी कराने की मांग की गई है। जल्द मांग पूरी न होने पर क्षेत्र पंचायत सदस्य महेश कुशवाहा ने आत्महत्या करने की चेतावनी दी है। साथ ही कहा है कि मौत का जिम्मेदार प्रधान, रोजगार सेवक व जिला प्रशासन होगा।



