जिलाधिकारी ने किया 12 दिवसीय मोमबत्ती प्रशिक्षण का समापन, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को दिया स्वरोजगार का अवसर

खबर शेयर करें -

 

जिलाधिकारी ने किया 12 दिवसीय मोमबत्ती प्रशिक्षण का समापन, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को दिया स्वरोजगार का अवसर

पीलीभीत: बडौदा स्वरोजगार विकास संस्थान एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की महिलाओं के लिए आयोजित 12 दिवसीय विशेष मोमबत्ती निर्माण प्रशिक्षण का समापन जिलाधिकारी महोदय द्वारा गरिमामय समारोह में किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विकास खंडो से आईं 30 स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने भाग लिया और आत्मनिर्भरता की दिशा में नया कदम बढ़ाया।

12 दिनों तक चले इस गहन प्रशिक्षण में महिलाओं को विभिन्न प्रकार की डिजाइनर, सुगंधित और सजावटी मोमबत्तियाँ बनाने का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया। इसके साथ ही, महिलाओं के आय-सृजन को विविधता देने के उद्देश्य से प्रशिक्षण के दौरान डिशवाशर, सर्फ (डिटर्जेंट पाउडर), और झाड़ू जैसे अन्य दैनिक उपयोग के उत्पाद बनाने का भी प्रशिक्षण दिया गया।

स्थानीय एवं जिला स्तर पर होगी बिक्री, प्रशासन देगा पूर्ण सहयोग

समापन समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के कौशल की सराहना की और उनके द्वारा बनाए गए उत्पादों की गुणवत्ता को सराहा। उन्होंने आश्वस्त किया कि इन उत्पादों की जिला एवं स्थानीय स्तर पर बेहतर मार्केटिंग और बिक्री के लिए जिला प्रशासन हर संभव सहायता प्रदान करेगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि इन उत्पादों को स्थानीय बाजारों, सरस मेलों और जिला स्तरीय आउटलेट्स के माध्यम से बिक्री के लिए उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे महिलाओं की आय में वृद्धि होगी और वे आर्थिक रूप से अधिक सशक्त बन सकेंगी। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागी महिलाओं को प्रशिक्षण प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।


खबर शेयर करें -