
शिव भक्ति में डूबे कांवड़िए,गूंजे भोलेनाथ के जयकारे,प्रथम कांवड़ यात्रा में पुलिस ने बरसाए फूल

रिपोर्ट, सत्यपाल
पीलीभीत: श्रावण मास के पावन अवसर पर रविवार को सुखदासपुर नवदिया गांव से प्रथम कांवड़ यात्रा धूमधाम और उत्साह के साथ निकाली गई। शिव भक्तों ने शारदा नदी से पवित्र जल भरकर कांवड़ यात्रा शुरू की। कांवड़िए जल लेकर तकिया दिनारपुर स्थित मंदिर पहुंचेंगे, जहां भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की जाएगी।कांवड़ यात्रा के दौरान शिव भक्तों में जबरदस्त उत्साह और आस्था देखने को मिली। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से यात्रा मार्ग भक्तिमय हो उठा।कांवड़ियों के साथ ग्रामीणों में भी खासा उत्साह नजर आया।यात्रा के दौरान रमनगरा पुलिस चौकी की पुलिस टीम ने श्रद्धालुओं की सेवा और सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाली। चौकी पर तैनात दरोगा मनोज तोमर, हेड कांस्टेबल राहुल, हेड कांस्टेबल अंकुर और हेड कांस्टेबल देवेश ने कांवड़ियों का स्वागत करते हुए उन पर पुष्प वर्षा की। पुलिस की ओर से कांवड़ियों के लिए फल एवं ठंडे पानी की भी व्यवस्था की गई।पुलिस टीम ने यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही यातायात को सुचारु रखने के लिए भी आवश्यक इंतजाम किए। पुलिसकर्मियों द्वारा की गई सेवा और पुष्पवर्षा से कांवड़िए भी काफी प्रसन्न नजर आए और उन्होंने पुलिसकर्मियों का आभार
जताया।प्रथम कांवड़ यात्रा में विपिन कुशवाहा, रोहित कुशवाहा, वीरेंद्र कुशवाहा, सागर कुशवाहा, शिव कुमार, बनवारी लाल, ताराचंद सहित बड़ी संख्या में शिव भक्त शामिल रहे। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए शांतिपूर्ण ढंग से यात्रा पूरी की।कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस की सक्रियता और श्रद्धालुओं के प्रति सेवा भाव की क्षेत्र में सराहना की गई। पूरे यात्रा मार्ग पर भक्ति, उत्साह और आपसी सौहार्द का माहौल बना रहा।
