
कंजा हरैया के दुर्गा मंदिर में इंटरलॉकिंग निर्माण की तैयारी, विकास कार्यों पर बनी रणनीत
चीफ इन एडिटर सत्यजीत सरकार

पीलीभीत। ग्राम पंचायत कंजा हरैया के माला बाजार स्थित दुर्गा मंदिर प्रांगण में इंटरलॉकिंग निर्माण कार्य को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंदिर परिसर में इंटरलॉकिंग कराने का प्रस्ताव तैयार किया गया, जिससे बरसात के दौरान होने वाले जलभराव और कीचड़ की समस्या का स्थायी समाधान किया जा सके। कमेटी के सदस्यों ने बताया कि बारिश के समय मंदिर परिसर में पानी भर जाने से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या को देखते हुए इंटरलॉकिंग निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
बैठक में ग्राम प्रधान नीतू मित्रा के पति पंकज मित्रा सहित कमेटी के सभी सदस्य उपस्थित रहे। पंकज मित्रा ने बताया कि प्रस्ताव जल्द ही जिलाधिकारी पीलीभीत ज्ञानेंद्र सिंह के समक्ष रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के लिए बड़े बजट की आवश्यकता है, इसलिए जिलाधिकारी की स्वीकृति और निर्देश मिलने के बाद ही कार्य शुरू कराया जाएगा। बैठक में ग्राम पंचायत के अन्य विकास कार्यों से जुड़े प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई और उन्हें प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने पर सहमति बनी। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि इस पहल से मंदिर परिसर की सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा।
