
पूरनपुर पहुंचे शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद, गौ रक्षा के लिए हिंदुओं से संगठित होने का किया आह्वान

पूरनपुर (पीलीभीत)। पूरनपुर आगमन पर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने गौ रक्षा और गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित किए जाने के मुद्दे पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि देशभर के सनातनी हिंदुओं को गौ रक्षा के लिए एकजुट होकर संगठित होने की आवश्यकता है।
अपने संबोधन में उन्होंने वर्तमान केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा को हिंदुओं ने इस उम्मीद के साथ समर्थन दिया था कि गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित किया जाएगा, लेकिन अब तक ऐसा नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि कथनी और करनी में अंतर दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि अब संत समाज और गौ भक्त देशभर में जनजागरण अभियान चलाएंगे और सनातनी समाज को इस विषय पर जागरूक करेंगे।
शंकराचार्य ने कहा कि उनका किसी राजनीतिक दल या सरकार से व्यक्तिगत विरोध नहीं है, लेकिन आगामी चुनावों में संत समाज और गौ भक्त उसी राजनीतिक दल का समर्थन करेंगे, जो गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने का स्पष्ट संकल्प लेगा। उन्होंने सभी हिंदुओं से गौ रक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मतदान करने का आह्वान किया।
इस दौरान उन्होंने पूरनपुर विधानसभा क्षेत्र में गौ रक्षा अभियान को मजबूत करने के उद्देश्य से पंडित अनिल पांडे को गौ रक्षक के रूप में जिम्मेदारी भी सौंपी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, गौ भक्त एवं सनातन धर्म से जुड़े लोग उपस्थित रहे।
